facebook Share on Facebook
MAJOR VIJAY SINGH MANKOTIA

जयराम की हुई मशहूर दो नंबर की शराब संतरा और अंगूरी : मेजर विजय सिंह मनकोटिया

DHARAMSALA | SUNNY MAHAJAN

पूर्व मंत्री विजय सिंह मनकोटिया ने मंगलवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता में शराब और खनन माफिया को लेकर जयराम ठाकुर की भाजपा सरकार और विपक्षी कांग्रेस के खिलाफ कई आरोप लगाए। उन्हाेंने कहा भाजपा सरकार के इस कार्यकाल में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे भारतवर्ष में हिमाचल देव भूमि ना होकर दारू भूमि के नाम से चर्चाओं में है. दिखावे के तौर पर मौजूदा सरकार बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन असल में सरकार के अपने ही मंत्री भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं। मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने धर्मशाला में खुले मंच से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को चुनौती देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और शराब माफिया में संलिप्त लोगों के नाम मुख्यमंत्री सार्वजनिक करें और वाले बजट सत्र में अपने मंत्रियों की चल अचल संपति का ब्यौरा सार्वजनिक करें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बधाई के पात्र हैं जिन्होंने हिमाचल को देश का पहला मयखाना बना दिया है। उन्होंने कहा कि अब लोग सरकार के कारनामे देखते हुए  'जयराम की हुई मशहूर दो नंबर की शराब संतरा और अंगूरी' जैसी लोकोक्तियां सरकार पर बना रही है . यहां जमकर शराब का कारोबार चल रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार दीमक की तरह देश का खोखला कर रहा है। सीएम की नाक के नीचे भ्रष्टाचार हो रहा है, लेकिन वह खुद मूकदर्शक बने हुए हैं। वह तो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश को शराब माफिया, ड्रग माफिया और खनन माफिया ने खोखला कर दिया है। ब्यास नदी को पत्थरों व बजरी से खोखला कर दिया है। खनन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही। पर्यावरण की बात की जाती है। सरकार के बड़े मंत्री चिंताएं उजागर करते हैं, लेकिन खुद ही उनके लोगों ने संरक्षण दिया है। कांग्रेस के समय भी ऐसा ही था। इसका कारण यह है कि सबको पैसा आता है। अब हालात यह हैं कि नौकरशाही भी शामिल हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कराधान विभाग के अधिकारियों समेत ब्यूरोक्रेट्स भी सरकार के लेनदेन में शामिल है. भाजपा सरकार पर दोगले होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार राम मंदिर और देशभक्ति की बात करती हैं लेकिन असल में भ्रष्टाचार ही भाजपा सरकार का मुख्य उद्देश्य है यह तो वही बात हो गई मुंह में राम बगल में छुरी.

उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में उनके तीन मुख्य अधिकारी वसूली करते थे, अब जयराम ठाकुर की सरकार में भी यही वसूली का हाल है। उन्होंने कहा जब तक जनता इस सरकार के विरोध में सड़कों पर नहीं उतरेगी और कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ विरोध नहीं करेगी, तब तक कुछ नहीं होगा। उन्होंने कहा हम भाजपा व कांग्रेस के नेताओं के भ्रष्टाचार व सरकारी कर्मचारियों की करतूतों को जनता तक लाने के लिए काला आइना मंच बनाएंगे और सरकार व विपक्ष के भ्रष्टाचार को जनता के समक्ष लाएंगे। विपक्ष पर निशाना साधते हुए भी मेजर ने कहा कि विपक्ष भी अपनी भूमिका सही तरह से नहीं निभा रहा है क्योंकि विपक्ष के भी नेता भ्रष्टाचार में शामिल है और उन्हें डर है कि उनके कारनामे भी कहीं बाहर ना जाए.

बॉक्स

पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने पत्र कार वार्ता के दौरान काला आईना मंच की घोषणा की उन्होंने बताया कि इस मंच द्वारा तमाम नेताओं के काले कारनामे व काले चेहरे जनता के सामने लाएंगे जिससे हिमाचल की जनता को भ्रष्ट नेताओं और नौकरशाहों की काली करतूतों का पता लगेगा. उन्होंने कहा कि उनका मकसद भ्रष्टाचार मुक्त हिमाचल है और इस मंच द्वारा सभी तरह के भ्रष्टाचार ओं का पर्दाफाश किया जाएगा.



more news....