
.jpg)
धर्मशाला | सन्नी महाजन
आज दोपहर एक बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द साई ग्राउंड धर्मशाला में उतरेंगे। यहां से सीधे परिधि गृह धर्मशाला जाएंगे। परिधि गृह में लंच होगा और आराम करेंगे। सायं 4.55 बजे परिधि गृह से त्रिगर्त सभागार धर्मशाला के लिए रवाना होंगे। 5 बजे त्रिगर्त सभागार धर्मशाला में सीयू के दीक्षा समारोह में शामिल होंगे। 6 बजे दीक्षा समारोह से सर्किट हाउस में रात्रि ठहराव के लिए रवाना हो जाएंगे।राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के एक दिवसीय दौरे के लिए सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलेभर में तकरीबन 1500 पुलिस जवानों को सुरक्षा का जिम्मा सौंपा है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने भी प्रबंध पुख्ता किए हैं।सीयू के दीक्षा समारोह के मुख्यातिथि राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द को विशेष रूप से तैयार चंबा थाल भेंट किया जाएगा। इसमें विशेष रूप से गद्दी-गद्दण का चित्र बनाया गया है। थाल में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय भी अंकित किया है। इसके अलावा सीयू के फाइन आट्र्स के विद्यार्थियों ने वाटर कलर से राष्ट्रपति का पोट्र्रेट भी तैयार किया है। केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में शामिल होने वाले सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को यह बात स्पष्ट कर दी गई है कि कोई भी बिना कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट के राष्ट्रपति के कार्यक्रम मेें शामिल नहीं हो पाएगा। मंगलवार व बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने सभी विभागों के कर्मचारियों के कोरोना सैंपल ले लिए हैं। बुधवार को जल शक्ति विभाग मंडल धर्मशाला के अधिशासी अभियंता से लेकर जेई तक और पुलिस अधिकारियों व गुप्तचर विभाग के जवानों के भी सैंपल लिए गए। राष्ट्रपति के दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे के दौरान भी यही नियम लागू होगा। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने जोनल अस्पताल धर्मशाला में तीन विशेष वार्ड बनाए हैं। अस्पताल की सबसे अपर मंजिल में एक वीवीआइपी वार्ड बनाया है। इसके अलावा दो वीआइपी वार्ड की व्यवस्था की है। इन वार्डों में ईसीजी और वेंटिलिटर जैसी सभी सुविधाएं होंगी।